मोहाली के इंडस अस्पताल में युवक की मौत पर हंगामा:ऑपरेशन हुआ था, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, डॉक्टर ने किया इनकार




मोहाली के डेराबस्सी-अंबाला रोड स्थित इंडस अस्पताल एक बार फिर विवादों में आ गया है। 4 अप्रैल को सीने में हल्के दर्द की शिकायत के बाद भर्ती कराए गए 35 वर्षीय युवक दीपक की 13 अप्रैल को मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मृतक दीपक डेराबस्सी की जीबीपी सोसाइटी का निवासी था और स्पेयर पार्ट्स डिस्ट्रीब्यूटर के रूप में काम करता था। परिजनों के अनुसार, 4 अप्रैल को हल्का दर्द होने पर वह खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचा था। डॉक्टरों ने उसके दिल में स्टेंट डाला। जानिए… परिजनों ने क्या लगाए आरोपी दिमाग में ब्लॉकेज बताकर ऑपरेशन किया:परिजनों का आरोप है कि स्टेंट डालने के बाद दीपक की हालत बिगड़ने लगी। बाद में डॉक्टरों ने उसके दिमाग में ब्लॉकेज बताकर ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के बाद दीपक को होश नहीं आया और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। 13 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। वेंटिलेटर पर रखकर लाखों वसूले: मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि बिना पूरी जानकारी दिए दिमाग का ऑपरेशन किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि मरीज को वेंटिलेटर पर रखकर लाखों रुपये वसूले गए। परिवार ने डॉक्टर राजेश कुमार और डॉक्टर नरेश बंसल को इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया है। अस्पताल का आरोपों से इनकार: डॉक्टर क्या बोले- रिश्क के बारे मे बताया था: इंडस अस्पताल के डॉ. विनीश नरूला ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि मरीज गंभीर हालत में अस्पताल आया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर ऑपरेशन किया गया, जिसमें दिमाग में क्लॉट मिला था। डॉ. नरूला के अनुसार, परिजनों को पहले ही जोखिम के बारे में जानकारी दे दी गई थी। सभी आवश्यक सहमति (कंसेंट) मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि मरीज को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, विशेषज्ञों का पैनल करेगा जांच डेराबस्सी के एसएचओ इंस्पेक्टर सुमित मोर ने बताया कि परिवार की शिकायत मिल गई है। शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में रखवाया गया है। मामले की जांच के लिए सिविल सर्जन मोहाली द्वारा विशेषज्ञों का एक पैनल बनाया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पहले भी लग चुके हैं आर्थिक गड़बड़ी के आरोप गौरतलब है कि अप्रैल 2023 में भी इसी अस्पताल पर किडनी रिप्लेसमेंट के नाम पर आर्थिक गड़बड़ी के आरोप लग चुके हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *