देवरिया के महुआबारी गांव में दो युवकों को पोल से बांधकर बेरहमी से पीटने के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। इस घटना में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कुल छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें दो युवकों को एक खंभे से बांधकर पीटा जा रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान नामजद अभियुक्त राहुल यादव पुत्र जगदीश यादव और संदीप वर्मा पुत्र जयप्रकाश वर्मा, निवासी ग्राम महुआबारी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पेश करने की प्रक्रिया पूरी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, मामले में शामिल अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है और लोग सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है।
Source link