अररिया नगर परिषद स्थायी समिति चुनाव से बढ़ी सियासी हलचल:29 पार्षद करेंगे गुप्त मतदान, 3 सीटों पर जोरदार मुकाबला, 16 अप्रैल को तय होगा सियासी समीकरण




अररिया नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बिहार नगरपालिका अधिनियम में हालिया संशोधन के बाद पहली बार इन सदस्यों का चयन लोकतांत्रिक तरीके से गुप्त मतदान द्वारा किया जाएगा। कुल 29 पार्षद 16 अप्रैल को तीन सदस्यों का चुनाव करेंगे। पहले सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चयन मुख्य पार्षद के अधिकार क्षेत्र में था। अब पार्षद ही अपने प्रतिनिधि चुनेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर लोकतंत्र मजबूत होने की उम्मीद है। पांच सदस्यीय समिति में मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद पदेन सदस्य होंगे, जबकि शेष तीन सीटों पर सीधा मुकाबला होगा। पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में संपन्न होकर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। वार्ड 7 के श्याम कुमार मंडल प्रमुख दावेदार हैं
इस चुनाव के लिए वार्ड संख्या 6 के रंजीत पासवान, वार्ड 19 की सोफिया परवीन और वार्ड 7 के श्याम कुमार मंडल प्रमुख दावेदार हैं। इनके अतिरिक्त भी कई अन्य चेहरे अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। चुनाव को लेकर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। पार्षद दो खेमों में बंट गए
चुनाव नजदीक आने के साथ ही पार्षद दो खेमों में बंट गए हैं। एक खेमा दूसरे खेमे के पार्षदों को अपने पाले में लाने के लिए जोड़-तोड़ की राजनीति में जुटा है। पर्दे के पीछे से कई पूर्व पार्षद और मुख्य पार्षद भी सक्रिय हो गए हैं। गुप्त रणनीतियां बनाई जा रही हैं और समर्थन जुटाने की कवायद तेज है। पार्षद एक-दूसरे को अपने पक्ष में करने के लिए चोरी-छिपे बैठकें कर रहे हैं। स्थानीय लोकतंत्र को मजबूती मिलने की आशा
यह चुनाव नगर परिषद की ‘कैबिनेट’ का स्वरूप बदल सकता है। संशोधन के बाद ‘चयन’ की जगह ‘चुनाव’ होने से स्थानीय लोकतंत्र को मजबूती मिलने की आशा है। मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद भी इस पूरी प्रक्रिया पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। सभी की निगाहें अब 16 अप्रैल पर टिकी हैं, जब यह सियासी शतरंज का खेल अपने अंजाम तक पहुंचेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *