राजगढ़ में गुरुवार को एक नाबालिग लड़की की शादी बारात आने से ठीक पहले रुकवा दी गई। मोहनपुरा कॉलोनी स्थित घर पर पुलिस टीम पहुंची और बाल विवाह को विफल कर दिया। पुलिस ने बालिका के माता-पिता के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की दुल्हन की वेशभूषा में सजी हुई थी। उसके हाथों में मेहंदी लगी थी और शरीर पर हल्दी का लेप था। परिवार के सदस्य बारात के स्वागत की तैयारियों में व्यस्त थे। यह कार्रवाई महिला एवं बाल विकास विभाग से मिली सूचना के आधार पर की गई। वन स्टॉप सेंटर और कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पूछताछ में यह पुष्टि हुई कि उसी दिन विवाह होना था और बारात आने वाली थी। पुलिस ने मौके पर ही शादी रुकवाकर पंचनामा बनाया। अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन बाल विवाह को लेकर अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस कुप्रथा को समाप्त करने में सहयोग करें। यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलती है, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
Source link