राजस्थान में क्रिकेट खिलाड़ियों का TA-DA बढ़ाने की तैयारी:RCA एडहॉक कमेटी ने जिला संघों से मांगे सुझाव, यादव बोले- खिलाड़ियों को देंगे बेहतर सुविधाएं




राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी राज्य में क्रिकेट के विकास को लेकर सक्रिय नजर आ रही है। युवा खिलाड़ियों को बेहतर क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर, पारदर्शी खेल माहौल और अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एडहॉक कमेटी ने जिला क्रिकेट संघों से फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में अंडर-14 और अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिताओं में सुधार, खिलाड़ियों के TA-DA में बढ़ोतरी और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए हैं। RCA एडहॉक कमेटी के संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव ने बताया- कमेटी ने पदभार संभालते ही राजस्थान क्रिकेट को फिर से मजबूत और व्यवस्थित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया था। लक्ष्य है कि राज्य के युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय क्रिकेट सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और पारदर्शी खेल वातावरण मिले, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा- एडहॉक कमेटी हर स्तर पर जिला क्रिकेट संघों और खिलाड़ियों से समन्वय स्थापित कर रही है और उनके सुझावों को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से डूंगरपुर, उदयपुर, बाड़मेर और पाली जिला क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। अंडर-14 और अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिताओं को मल्टी-डे फॉर्मेट में आयोजित करें बैठक में RCA एडहॉक कमेटी के संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव, सदस्य धनंजय सिंह खींवसर, आशीष तिवाड़ी, अर्जुन बेनीवाल और अरिष्ट सिंघवी मौजूद रहे। वहीं जिला क्रिकेट संघों की ओर से डूंगरपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुशील जैन, उदयपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव मनोज चौधरी, बाड़मेर जिला क्रिकेट संघ के सचिव देवाराम चौधरी और पाली जिला संघ के सचिव धर्मवीर सिंह ने हिस्सा लिया। बैठक में सबसे अहम सुझाव अंडर-14 और अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिताओं को मल्टी-डे फॉर्मेट में आयोजित करने को लेकर दिया गया। जिला संघों का मानना है कि इससे युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे और वे केवल टी-20 या वनडे ही नहीं, बल्कि डे क्रिकेट के महत्व को भी समझ सकेंगे। डॉ. मोहित जसवंत यादव ने बताया कि मल्टी-डे फॉर्मेट से खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता और मानसिक मजबूती दोनों बेहतर होंगी, जिससे वे भविष्य में उच्च स्तर की क्रिकेट के लिए अधिक तैयार हो सकेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के TA-DA में होगी बढ़ोतरी एडहॉक कमेटी के सदस्य आशीष तिवाड़ी ने बताया- खिलाड़ियों के हितों को देखते हुए राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में मिलने वाले TA-DA में आवश्यक बढ़ोतरी की जाएगी। इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और आर्थिक रूप से भी उन्हें राहत मिलेगी। कमेटी का प्रयास है कि युवा खिलाड़ियों को हर स्तर पर बेहतर समर्थन मिले। सभी जिलों में अच्छे क्रिकेट मैदान पर भी मिला फीडबैक: बेनीवाल एडहॉक कमेटी के सदस्य अर्जुन बेनीवाल ने बताया- जिला संघों से राज्य के सभी जिलों में स्तरीय क्रिकेट मैदान उपलब्ध कराने को लेकर भी फीडबैक मिला है। कमेटी का लक्ष्य है कि सभी 33 जिला क्रिकेट संघ केंद्रों पर राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए बेहतर क्रिकेट ग्राउंड उपलब्ध कराए जाएं। सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने बताया- RCA एडहॉक कमेटी राज्य के सभी जिलों के पूर्व खिलाड़ियों को भी क्रिकेट गतिविधियों से जोड़ना चाहती है। उनकी योग्यता के अनुसार उन्हें सपोर्ट स्टाफ, कोचिंग और RCA पैनल से जोड़ा जाएगा, ताकि उनके अनुभव का लाभ युवा खिलाड़ियों को मिल सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *