अलवर मत्स्य यूनिवर्सिटी के छठा दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े हेलिकॉप्टर से अलवर पहुंच गए हैं। शहर के प्रताप ऑडिटोरियम में राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े 71 स्टूडेंट्स को उपाधि और मेडल प्रदान करेंगे। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। कुलगुरु प्रो. रमन कुमार दवे ने बताया कि समारोह में सत्र 2024-25 में टॉपर स्टूडेंट्स को कुल 71 उपाधि और मेडल प्रदान करेंगे। इनमें एक चांसलर मेडल, 37 गोल्ड मेडल व 5 सिल्वर मेडल और 28 पीएचडी उपाधि हैं। राज्यपाल समारोह में कुल 44 हजार 293 स्टूडेंट्स को डिग्रियों व उपाधियों की दीक्षा देंगे। इसमें कला संकाय की 23275 डिग्री व 11 पीएचडी, विज्ञान संकाय की 5488 डिग्री व 3 पीएचडी, सामाजिक विज्ञान संकाय की 6139 डिग्री व 21 पीएचडी, शिक्षा संकाय की 8107 डिग्री, विधि संकाय की 1 पीएचडी और वाणिज्य संकाय की 1244 डिग्री व 4 पीएचडी शामिल है। समारोह में वन राज्य मंत्री संजय शर्मा व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी शामिल होंगे। समारोह में 40 पीएचडी, 42 गोल्ड व 6 सिल्वर मेडल दिए जाने थे, लेकिन 17 स्टूडेंट्स की सहमति नहीं मिली। न ही वे रिहर्सल में आए। प्रोटोकॉल के चलते इनके नाम समारोह की लिस्ट में से हटाए गए हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि जिन्हें समारोह में मेडल-उपाधि नहीं मिली, वे स्टूडेंट्स संबंधित कॉलेज व विभाग से इन्हें प्राप्त कर सकते हैं।
Source link