लुधियाना में बीती देर शाम एक खस्ता हालत में खड़ी 100 साल पुरानी तीन मंजिला इमारत की छत गिर गई। इसके मलबे में दो लोग दब गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। घायलों के सिर और छाती पर चोटें आई है। एक घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है वहीं दूसरे को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया है। यह इमारत जर्जर थी। इसके गिराने के लिए ही मजदूर लगे हुए थे। हालांकि, अचानक छत का एक हिस्सा टूट कर गिर गया, जिससे यह हादसा हो गया। इमारत को गिराने आए थे जानकारी के अनुसार, रूपा मिस्त्री गली में यह हादसा हुआ है। मजदूर इमारत की छत पर खड़े होकर उसे तोड़ रहे थे। इसी दौरान जर्जर छत अचानक नीचे आ गिरी, जिसमें दो मजदूर दब गए। छत गिरने से जोरदार धमाका हुआ था। इसकी आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक एक मजदूर की हालत ज्यादा गंभीर होने के चलते उसे निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। फिलहाल, दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पहले दिन काम करने आया था नंदू घायलों की पहचान मजदूर नंदू और ठेकेदार जितेन्द्र के रूप में हुई है। नंदू ने बताया कि वह कंगनवाल का रहने वाला है। हादसे वाले दिन वह पहली बार काम करने आया था और रोजाना मंडी से मजदूरी के लिए जाता है। इलाका निवासी विशाल शैली ने कहा कि ये बिल्डिंग 100 साल पुरानी है। बिल्डिंग को गिराने का काम किया जा रहा था। अचानक से लेंटर गिर गया। ये बिल्डिंग कर्मशियल है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में मजदूर के सिर पर मलबा गिरा था। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Source link