लुधियाना के सराभा नगर इलाके में देर रात तेज आवाज में म्यूजिक बजाने से परेशान लोगों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। इलाके के लोग देर रात रेस्टोरेंट्स में होने वाली पार्टियों से परेशान है। इस कारण इलाके के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंच पुलिस ने म्यूजिक सिस्टम बंद करवाया। मामले की जांच कर थाना डिविजन नंबर 5 की पुलिस ने ईए-ओयूज़ो (EaUzo) रेस्टोरेंट मैनेजमेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लोगों को मानसिक तनाव और असुविधा हो रही शिकायतकर्ता तृप्ता डालमिया निवासी मकान नंबर 54-K, सराभा नगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सराभा नगर स्थित EaUzo रेस्टोरेंट में देर रात बहुत तेज आवाज में संगीत बजाया जाता है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उनका पूरा परिवार परेशान है। कई बार रेस्टोरेंट प्रबंधकों को समझाया लेकिन कुछ दिन उनकी बात का असर रहता लेकिन फिर वही हालात बन जाते। पुलिस को दी शिकायत में कहा गया कि बार-बार म्यूजिक की तेज आवाज के कारण इलाके में रहने वाले लोगों को मानसिक तनाव और असुविधा हो रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच के बाद रेस्टोरेंट मैनेजमेंट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
Source link