शादी सीजन में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत:रसद विभाग ने लागू की नई व्यवस्था, कार्ड दिखाने पर मिलेंगे तीन सिलेंडर




शहर में शादी सीजन शुरू होते ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी सामने आई है। बढ़ती मांग को देखते हुए रसद विभाग ने सिलेंडर वितरण के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसका उद्देश्य सीमित संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करना है। जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक ने बताया कि शादी समारोह वाले परिवारों को कमर्शियल गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए कार्यालय में शादी का कार्ड और प्रार्थना पत्र जमा कराना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही संबंधित गैस एजेंसी को उपलब्ध स्टॉक के अनुसार सिलेंडर जारी करने की अनुमति दी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में अधिकतम तीन और ग्रामीण क्षेत्रों में दो कमर्शियल सिलेंडर ही दिए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय सरकार के निर्देशों के अनुरूप लिया गया है और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर ही वितरण किया जा रहा है। हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर आमजन में असंतोष भी देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि एक शादी समारोह में आमतौर पर 10 से 12 सिलेंडरों की आवश्यकता होती है। ऐसे में निर्धारित संख्या पर्याप्त नहीं है और इससे आयोजनों पर असर पड़ सकता है। विभाग ने यह भी बताया है कि सिलेंडर प्राप्त करने के लिए निर्धारित सिक्योरिटी राशि और शुल्क संबंधित गैस एजेंसी में जमा कराना अनिवार्य होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *