शिक्षिका पर धर्म परिवर्तन के प्रयास का आरोप:काजड़ा के नवोदय विद्यालय में पोस्टेड शिक्षिका, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, थाने में परिवाद दर्ज




जिले के सूरजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले काजड़ा गांव में शुक्रवार रात उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब जवाहर नवोदय विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षिका पर धर्म परिवर्तन के प्रचार-प्रसार के आरोप लगे। ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर विद्यालय के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों के अनुसारनवोदय विद्यालय में संविदा (contract) पर कार्यरत एक शिक्षिका पिछले कुछ समय से गांव में सक्रिय है। आरोप है कि वह घर-घर जाकर महिलाओं और अन्य ग्रामीणों से संपर्क कर रही है। ग्रामीणों का दावा है कि इस दौरान वे धार्मिक चर्चाओं के माध्यम से एक विशेष धर्म (ईसाई धर्म)के प्रति प्रेरित करने और दूसरे धर्म के प्रति नकारात्मक बातें करने का प्रयास कर रही थीं। साथ ही, कुछ धार्मिक साहित्य और पुस्तकें बांटने की बात भी सामने आई है।
ग्रामीणों का विरोध और प्रदर्शन जैसे ही यह बात गांव में फैली, लोगों में असंतोष बढ़ गया। शुक्रवार रात बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय के गेट पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने वहां नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गांव के सामाजिक सौहार्द को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा और ऐसी गतिविधियों पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। पुलिस पहुंची मौके पर मामले की सूचना मिलते पिलानी SHO चंद्रभान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से वार्ता की और उन्हें समझाया कि कानून को हाथ में लेने के बजाय विधिवत प्रक्रिया अपनाई जाए। पुलिस के आश्वासन और समझाइश के बाद रात करीब 10 बजे ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पिलानी थाने पहुंचकर शिक्षिका के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूर्व उप सरपंच मदन चनेजा और पंच प्रतिनिधि पवन गुर्जर ने बताया कि गांव में लंबे समय से भाईचारा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पिछले कुछ दिनों से इन गतिविधियों को लेकर चिंतित है, इसलिए सामूहिक रूप से अपनी बात रखने का निर्णय लिया गया। विक्रम शर्मा ने कहा कि प्रशासन को मामले की तह तक जाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी स्थितियों से बचा जा सके और सामाजिक सद्भाव बना रहे। गम्भीरता से होगी जांच थानाधिकारी चंद्रभान चौधरी ने बताया कि काजड़ा गाँव में नवोदय स्कूल के सामने ग्रामीणों द्वारा विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची। ग्रामीणों ने एक शिकायत पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है कि स्कूल की एक शिक्षिका गाँव की महिलाओं और स्कूल में पढ़ रहे बच्चों को धर्म विशेष के बारे में गुमराह कर रही है। चौधरी ने कहा कि ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया है कि उनकी शिकायत पर गंभीरता से जाँच की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *