शिवाजी नगर हत्याकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार:3 नाबालिग डिटेन, प्रॉपर्टी विवाद में पुरानी रंजिश बनी वजह; कार जब्त




बारां शहर के शिवाजी नगर में हुए मनीष गौतम उर्फ बिट्टू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। घटना के बाद फरार होने में उपयोग की गई कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। मामले के खुलासे को लेकर मंगलवार शाम को एसपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि 18 अप्रैल को मृतक के पिता अशोक कुमार गौतम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि 17 अप्रैल की रात करीब 11 बजे उनका बेटा मनीष गौतम उर्फ बिट्टू घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी राजेश चौधरी के सुपरविजन और सीओ हरीराम सोनी के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, मौके के साक्ष्य और सूचना तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान राकेश उर्फ राहुल (23) निवासी बरड़िया बालाजी बस्ती को गिरफ्तार किया गया। साथ ही तीन नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया। पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों के फरार होने के लिए मुकेश यादव द्वारा उपलब्ध कराई गई वैन्यू कार को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी से हथियारों और पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ जारी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी अंदासु ने बताया कि जांच में सामने आया कि मृतक मनीष गौतम पहले राजेंद्र गहलोत के पास ट्रैक्टर ड्राइवर का काम करता था। बाद में वह प्रॉपर्टी के काम में जुड़ गया और विवादित जमीनों के सौदे कराने लगा। इसी दौरान कमीशन को लेकर विवाद हो गया। करीब तीन महीने पहले उमेश नागर के साथ मारपीट की घटना के बाद रंजिश और बढ़ गई थी। पुलिस के अनुसार, मनीष सोशल मीडिया पर भी आरोपियों को धमकियां दे रहा था। इसी के चलते राजेंद्र गहलोत और उमेश नागर ने साजिश रची। उन्होंने अपने साथियों और नाबालिगों की मदद से हत्या की वारदात को अंजाम दिया। टीम ने ऐसे किया खुलासा
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई गई और उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *