मलेरकोटला शहर में पिछले एक महीने से चल रहा गंदगी का विवाद आज उस समय गरमा गया जब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। अमरगढ़ से कांग्रेस नेत्री अमनदीप कौर खंगूड़ा जब ट्रैक्टर-ट्रॉली में कचरा भरकर स्थानीय विधायक डॉ. जमील-उर-रहमान के दफ्तर के बाहर फेंकने पहुंचीं तो वहां मौजूद आप कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। क्या है पूरा मामला? मलेरकोटला के खन्ना रोड पर पिछले काफी समय से गंदगी के ढेर लगे हुए थे। इसे लेकर शहरवासी और राजनीतिक दल पिछले एक महीने से धरने पर बैठे थे। स्थानीय निवासियों की मांग थी कि इस डंपिंग पॉइंट को हटाकर यहां एक सुंदर पार्क बनाया जाए। हाल ही में डीसी विराट तिड़के ने लोगों की मांग मानते हुए वहां से कूड़ा उठवाना शुरू किया और पार्क बनाने का आश्वासन दिया। हाई वोल्टेज ड्रामा: विधायक दफ्तर के बाहर टकराव आज विवाद तब बढ़ा जब कांग्रेस नेत्री अमनदीप कौर खंगूड़ा अपने समर्थकों के साथ कचरे से भरी ट्रॉली लेकर विधायक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने कचरा वहां फेंकने की कोशिश की आप कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। दोनों गुटों में तीखी बहस हुई। सूचना मिलते ही थाना सिटी-2 के एसएचओ दर्शन सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत करवाया। शहरवासियों ने जताया कड़ा ऐतराज शहरवासियों के लिए यह प्रदर्शन किया जा रहा था, उन्होंने ही कांग्रेस नेत्री के इस कदम की निंदा की। प्रदर्शनकारी शहरवासियों का कहना था हम पिछले एक महीने से प्रशासन के साथ शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत कर रहे हैं। अमनदीप कौर न तो हमारे शहर से हैं और न ही इस आंदोलन का हिस्सा थीं। इस तरह कचरा लाकर राजनीति करना गलत है। हम इस व्यवहार की सख्त शब्दों में निंदा करते हैं। पुलिस और प्रशासन का पक्ष थाना सिटी-2 के एसएचओ दर्शन सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष पर कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। तनाव के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और शहरवासी अपनी बात रखने के लिए डीसी कार्यालय पहुंचे हैं।
Source link