हरदोई के शाहजहांपुर रोड स्थित एक वर्कशॉप में सोमवार देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। चार फायर बिग्रेड की मदद से करीब 40 मिनट में आग पर काबू पाया गया। हालांकि लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और वर्कशॉप से उठती ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। मामला कोतवाली देहात थाना क्षेत्र का है। देखिए 3 तस्वीरें… स्थानीय लोगों ने तुरंत वर्कशॉप मालिक नसीम अली को सूचना दी। जिसके बाद उन्होंने फायर ब्रिगेड को बुलाया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण आसपास के फायर स्टेशनों से अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाने पड़े। करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद चार फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। वर्कशॉप के अंदर खड़ी दो सीएनजी गाड़ियों को आग फैलने से पहले ही फायर ब्रिगेड कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि वर्कशॉप में रखे मोटर पार्ट्स, स्क्रैप मटेरियल और प्लास्टिक का सामान जलकर खाक हो गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। फायर ऑफिसर महेश प्रताप सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है, लेकिन वर्कशॉप मालिक ने बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई है।
Source link