संगरूर जिले में बुधवार दोपहर लखमीरवाला रोड पर गुरु नानक देव डेंटल कॉलेज सुनाम के पीछे खेतों में आग लग गई। इस घटना में साढ़े छह एकड़ गेहूं की फसल और छह एकड़ सेज जलकर राख हो गई। आग लगने का प्रारंभिक कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे लगी आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया। हवा के कारण आग तेजी से फैली और कटाई के लिए तैयार खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसानों में दहशत फैल गई।आग से परमानंद की 3.5 एकड़, हरविंदर सिंह की 1.5 एकड़ और प्रिंस सिंह की लगभग 1.5 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह जल गई। किसानों ने बताया कि उनकी साल भर की मेहनत कुछ ही मिनटों में राख हो गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने में किया सहयोग जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इसके अतिरिक्त, छह एकड़ गेहूं की पराली भी जल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में पूरा सहयोग दिया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक खड़ी गेहूं की फसल और पराली पूरी तरह जल चुकी थी। गेहूं की फसल में आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही अकाली दल के नेता विनरजीत सिंह गोल्डी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित किसानों से मुलाकात की और सरकार से मांग की कि आग से हुए नुकसान का तुरंत आकलन किया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।
Source link