कुशीनगर के पडरौना-रामकोला मार्ग पर पार्थ रिसॉर्ट के समीप एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार ससुर-दामाद की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान मनोज खटीक (25 वर्ष) और मोती लाल खटीक (50 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों आपस में ससुर-दामाद थे। जानकारी के अनुसार, वे रामकोला से दवा कराकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोती लाल को गंभीर चोटें आईं, जिसमें उनका एक हाथ शरीर से अलग हो गया था और सिर पर भी गहरी चोट लगी थी। सख्त कार्रवाई करने की मांग की हादसे में घायल महिला निशिका को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक मनोज खटीक राजमिस्त्री का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी कौशल्या और चार छोटे बच्चे—लकी, सुनैना, निशा और अंकेश हैं। वहीं, मोती लाल खटीक सब्जी बेचकर परिवार का गुजारा करते थे। उनके तीन बेटे बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Source link