सतना शहर के महदेवा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर की बगिया में असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। इस घटना में सैकड़ों पेड़-पौधे झुलस गए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक आलोक त्रिपाठी ने रविवार को सिविल लाइन थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद हुई। शाम करीब 4:30 बजे स्कूल बंद कर स्टाफ चला गया था। रविवार को अवकाश के दिन वार्ड पार्षद अच्छेलाल कोल ने विद्यालय परिसर में आग लगी देखी। उन्होंने तत्काल प्रधानाध्यापक आलोक त्रिपाठी को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही प्रधानाध्यापक और पार्षद मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक लगभग एक सैकड़ा पेड़-पौधे पूरी तरह झुलस चुके थे। बताया गया कि अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर आगजनी की इस घटना को अंजाम दिया। प्रधानाध्यापक आलोक त्रिपाठी ने अब तक विद्यालय परिसर में 2 हजार से अधिक पौधों का रोपण और संरक्षण किया है, जिनमें से लगभग 600 वृक्ष तैयार हो चुके हैं। प्रधानाध्यापक ने यह भी बताया कि इस प्रकार की घटना पहले भी कई बार हो चुकी है।
Source link