सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र में स्थित न्यू मक्खन कॉलोनी के पास एक पुराने रेलवे यार्ड में देर रात एक अज्ञात शव मिला है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया। टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किए। पुलिस की जांच में सामने आया है कि शव काफी पुराना है और उसकी स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। शव के सड़-गल जाने के कारण मृतक की पहचान कर पाना फिलहाल संभव नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि शव की स्थिति को देखते हुए यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह कई दिन पुराना हो सकता है। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस आसपास के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल कर रही है, ताकि शव की पहचान की जा सके। इसके अलावा, आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे किसी प्रकार का सुराग मिल सके। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Source link