आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) की रेड को लेकर सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस कार्रवाई को राजनीतिक साजिश बताते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि यह कोई सामान्य जांच नहीं, बल्कि आने वाले चुनावों की तैयारी का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। धालीवाल के अनुसार, यह ईडी की रेड नहीं, बल्कि भाजपा की चुनावी रैलियां हैं, जो एजेंसियों के माध्यम से की जा रही हैं। AAP: यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से प्रेरित उन्होंने आगे कहा कि अशोक मित्तल के घर के साथ-साथ उनके शैक्षणिक संस्थानों पर भी कार्रवाई की जा रही है, जो पूरी तरह से राजनीतिक प्रेरित है। उनका दावा है कि आने वाले समय में भाजपा ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों के जरिए पंजाब में AAP नेताओं को दबाने की कोशिश करेगी। आने वाले चुनावों में जनता देगी जवाब धालीवाल ने मित्तल के बारे में बोलते हुए कहा कि छोटे स्तर से शुरुआत कर उन्होंने आज एक बड़ा शैक्षणिक संस्थान खड़ा किया है, इसलिए उन पर लगे आरोप बेबुनियाद हैं। धालीवाल ने अंत में कहा कि पंजाब की जनता इस तरह की राजनीति को समझती है और इसका जवाब आने वाले चुनावों में देगी। उन्होंने इसे भाजपा की चुनावी मुहिम की शुरुआत बताया।
Source link