सोजत के सिटी टैंक रामेलाव तालाब किनारे सोमवार शाम एक युवक का शव मिला। सूचना मिलने पर सोजत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोजत जिला अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया। सोजत थाने के सहायक उप निरीक्षक मोहनलाल चौधरी ने बताया-मृतक की पहचान सोजत के जीनगरों का मोहल्ला निवासी नरेंद्र जीनगर (34) के रूप में हुई है। नरेंद्र सोमवार सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। वह घरों में रंगाई-पुताई का काम करता था और दो बच्चों का पिता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काम पर जाते समय सोजत तालाब के पास संभवतया तेज गर्मी के कारण नरेंद्र की तबीयत बिगड़ गई। वह वहीं गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव उन्हें सौंप दिया।
Source link