प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के तहत सोमवार को हरदा जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। जनपद पंचायत हरदा द्वारा ग्राम अबगांवखुर्द में 29 जोड़े, नगर पालिका परिषद टिमरनी द्वारा कृषि उपज मंडी टिमरनी में 151 जोड़े और नगर परिषद खिरकिया द्वारा 20 जोड़ों का सामूहिक निकाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। टिमरनी के कृषि उपज मंडी प्रांगण में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 151 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह पूरी रीति-नीति एवं विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस दौरान रैन बसेरा रोड से घोड़ों और बग्गी पर सवार होकर निकले दूल्हे राजाओं और उनके परिजनों ने बारात में उत्साह के साथ सामूहिक नृत्य किया। कार्यक्रम स्थल के मुख्य द्वार पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बारातियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम को मुख्य रूप से पूर्व विधायक संजय शाह, नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र भारद्वाज और पार्षद सुनील दुबे ने संबोधित किया। उन्होंने नवविवाहित दंपत्तियों को सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित दंपत्तियों को उपहार भी वितरित किए। अतिथियों ने वर-वधू को विवाह प्रमाण पत्र और राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर समाजसेविका शैलजा शाह, नगर परिषद उपाध्यक्ष राजा कौशल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनीत गीते, भाजपा जिला मंत्री निशा दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष अतुल बारंगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पार्षदगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। खिरकिया में 20 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
नगर परिषद खिरकिया द्वारा आयोजित सामूहिक निकाह समारोह में 20 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस दौरान विधायक डॉ. आर.के. दोगने, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल और जनपद अध्यक्ष रानू दशरथ पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया। अतिथियों ने वर-वधू को विवाह प्रमाण-पत्र तथा राशि के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए। जनपद पंचायत हरदा द्वारा ग्राम अबगांव खुर्द में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 29 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया तथा विवाह प्रमाण-पत्र व राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
Source link