पन्ना जिले के अमझिरिया निवासी एक मजदूर की हैदराबाद में सड़क हादसे में मौत हो गई। आर्थिक तंगी के कारण परिवार के लिए शव को पैतृक गांव लाना मुश्किल हो रहा था। क्षेत्रीय सांसद विष्णु दत्त शर्मा के हस्तक्षेप के बाद मृतक का पार्थिव शरीर 35 घंटे के भीतर अमझिरिया पहुंचाया जा सका। मृतक की पहचान संजू आदिवासी (पिता दारा गौड़) के रूप में हुई है, जो पन्ना जिले के अमझिरिया का रहने वाला था। वह मजदूरी के लिए हैदराबाद गया था। 5 अप्रैल को काम से लौटते समय एक सड़क दुर्घटना में उसकी मृत्यु हो गई। संजू अपने पीछे पत्नी वर्षा और तीन बच्चों – 14 वर्षीय बेटी कांति, 10 वर्षीय पुत्र मीनू और 7 वर्षीय बेटी मनीषा को छोड़ गया है। दुर्घटना के बाद संजू के परिवार को शव को पन्ना लाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आर्थिक स्थिति कमजोर होने और हैदराबाद प्रशासन से संपर्क स्थापित न हो पाने के कारण परिवार असहाय महसूस कर रहा था। मृतक की पत्नी वर्षा ने बताया कि उनके पास शव लाने के लिए पर्याप्त धन नहीं था। परिवार की इस स्थिति की जानकारी क्षेत्रीय सांसद विष्णु दत्त शर्मा को मिली। उन्होंने तत्काल हैदराबाद प्रशासन के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया। सांसद के निर्देश पर आवश्यक कार्रवाई की गई और शव को पन्ना भेजने की व्यवस्था की गई। सांसद के प्रयासों के कारण संजू का पार्थिव शरीर महज 35 घंटे के भीतर एम्बुलेंस द्वारा उसके गृह ग्राम अमझिरिया पहुंचा दिया गया। शव गांव पहुंचने पर क्षेत्र में गम का माहौल छा गया। *आर्थिक सहायता का आश्वासन*
सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने इस दुखद घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि, “यह गरीब परिवार गहरे संकट में है। हम नियमानुसार आर्थिक मदद भी कर रहे हैं और इस मुश्किल समय में परिवार को अकेला नहीं छोड़ेंगे।”
Source link