मधुबनी में बुधवार देर रात 2 बाइक की टक्कर में 2 चालकों की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना लौकही थाना क्षेत्र के धबही चौक की है। मृतकों की पहचान फुलपरास थाना क्षेत्र के भाटावारी निवासी 20 वर्षीय बब्लू कुमार और सुदई रतौली निवासी 22 वर्षीय घनश्याम मुखिया के रूप में हुई है। घायलों में सोनवर्षा के अरुण कुमार भी शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए भेजा दरभंगा घटना की सूचना मिलते ही लौकही थानाध्यक्ष गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल फुलपरास रेफरल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने बब्लू कुमार और घनश्याम मुखिया को मृत घोषित कर दिया। अरुण कुमार सहित अन्य गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए दरभंगा स्थित डीएमसीएच रेफर किया गया है। एक घायल की हालत गंभीर पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि दोनों बाइक चालकों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। उन्होंने पुष्टि की कि एक बाइक पर दो और दूसरी पर तीन लोग सवार थे। तेज रफ्तार के कारण यह आमने-सामने की टक्कर हुई। पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
Source link