मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के एक ठेकेदार को 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और काम छोड़ने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि उसी के साथ काम करने वाला पेटी कॉन्ट्रैक्टर है। घटना के बाद ठेकेदार और उनका परिवार सहमे हुए हैं। पीड़ित ठेकेदार राम सिंह बादल ने अहियापुर थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पहले साथ में काम, फिर रंगदारी का आरोप पीड़ित राम सिंह बादल ने बताया कि वह लंबे समय से ठेकेदारी का काम कर रहे हैं। सुपौल जिले के वीरपुर स्थित भीम बराज, जो कोशी कनाल का हिस्सा है, वहां काम चल रहा है। इसी दौरान रौशन कुमार, राजीव कुमार और गोपाल कुमार ने उनसे संपर्क कर पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर काम शुरू किया। प्रारंभ में कंपनी के नियमों के अनुसार भुगतान और डीजल का खर्च भी दिया गया। आरोप है कि बाद में वह अपने लोगों के साथ और अधिक काम की मांग करने लगा। विरोध करने पर उसने ठेकेदार के कार्यालय पहुंचकर मैनेजर के साथ मारपीट की और धमकी दी कि “अपने मालिक से कहो या तो हमें और काम दो, नहीं तो काम छोड़ दो।” 50 लाख रुपए की मांग का आरोप पीड़ित के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने फोन पर भी धमकी देते हुए 50 लाख रुपये की मांग की और कहा कि रकम नहीं देने पर काम नहीं करने दिया जाएगा। इस संबंध में अहियापुर थाना प्रभारी रोहन कुमार ने बताया कि ठेकेदार के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पेटी कॉन्ट्रैक्टर द्वारा पैसे की मांग और धमकी देने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source link