दरभंगा डीएम कौशल कुमार ने हड़ताल और सामूहिक छुट्टी पर रहकर सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में जिले के 128 राजस्व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इनके खिलाफ आरोप पत्र (प्रपत्र-क) गठित कर विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी के अनुसार, ये सभी कर्मचारी विभिन्न कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर 11 फरवरी से हड़ताल पर थे, जिससे कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्य प्रभावित हुए। इन अंचलों के कर्मचारी हुए निलंबित
जारी आदेश के अनुसार सदर, बहादुरपुर, बहेड़ी, हायाघाट, हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, केवटी, जाले, मनीगाछी, तारडीह, बेनीपुर, अलीनगर, बिरौल, गौड़ाबौराम, किरतपुर, घनश्यामपुर, कुशेश्वरस्थान और कुशेश्वरस्थान पूर्वी अंचल कार्यालयों में कार्यरत कुल 128 राजस्व कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।
कर्मचारियों पर लगे आरोप
निलंबित कर्मचारियों पर मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा में बाधा, उपमुख्यमंत्री सह विभागीय मंत्री के कार्यक्रम में अवरोध, मार्च माह के राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति में बाधा, राजस्व महाअभियान के आवेदनों के निष्पादन में देरी, जनगणना 2027 जैसे राष्ट्रीय कार्य को प्रभावित करने का प्रयास, अंचल स्तर की साप्ताहिक बैठकों में असहयोग सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। डीएम ने बताया कि यह कार्रवाई बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम-3(1) के उल्लंघन और बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियमावली, 2005 के तहत की गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी निलंबित कर्मियों के विरुद्ध जल्द से जल्द विभागीय जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्वरित कार्रवाई करते हुए इन कर्मचारियों की सेवा समाप्त (बर्खास्तगी) की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।
Source link