जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी से वार कर बहन की हत्या:सिर पर वार किया, मर्डर के बाद शव के पास बैठा रहा भाई




श्रीगंगानगर में जमीनी विवाद को लेकर भाई ने बड़ी बहन की कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी भाई शव के पास बैठा रहा। युवती के परिचित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया। घटना रावला के गांव 8 डीओएल में रविवार शाम करीब 7 बजे की है। शव को रावला के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बहन-भाई के बीच जमीनी विवाद ही हत्या का मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। आरोपी सुरेंद्र (25) पुत्र सोहन लाल बीएसटीसी का छात्र है। उसके चार बहनें और एक भाई है। मृतक मंजू पिछले दो साल से खाजूवाला में रामावतार के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पिछले दो महीने से वो रावला में एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। रविवार सुबह सुरेंद्र ने अपनी बहन मंजू को जमीन से उत्पादित फसल का हिस्सा देने के लिए बुलाया था। मंजू रामावतार के साथ अपने भाई के घर गांव 8 डीओएल आई थी। रामावतार मंजू को घर छोड़कर गांव में चला गया था। घटना के समय मंजू की मां अपने पीहर गांव कालुवाला में अपने भांजे और भांजी की शादी में शामिल होने गई हुई थीं। मंजू के घर आने पर किसी बात को लेकर सुरेन्द्र और मंजू के बीच कहासुनी हो गई। दोनों बहन-भाइयों में विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर सुरेन्द्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से मंजू के सिर में जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए हमले में मंजू चिल्लाकर फर्श पर अचेत होकर गिर गई। जब घर से बाहर मंजू के साथ आए, रामावतार ने मंजू की चीख सुनी तो वह दौड़कर घर के अंदर पहुंचा। उसने देखा कि मंजू फर्श पर लहूलुहान पड़ी है और सुरेन्द्र के हाथ मे खून से सनी हुई कुल्हाड़ी है। युवक ने इसकी सूचना रावला पुलिस थाने में दी।
डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और इसकी सूचना की मंजू की माँ और श्रीगंगानगर रह रहे दूसरे भाई को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी प्रशांत कौशिक और एसआई गिरधारी सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, तो आरोपी सुरेंद्र शव के पास ही बैठा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रावला के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और आरोपी सुरेंद्र को हिरासत में ले लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *