भागलपुर में छत से गिरने के कारण ऑटो ड्राइवर की मौत हो गई। घटना, नाथनगर थाना क्षेत्र के नरगा लालूचक की है। मृतक की पहचान स्व. जयप्रकाश मंडल के पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार,गर्मी के कारण वह छत पर सोया हुआ था। इसी दौरान करवट लेने के क्रम में वह छत से सीधे नीचे गिर गया। सुबह जब लोगों ने उसे देखा तो तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया, जहां दोपहर करीब 12:45 बजे उसकी मौत हो गई। चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था प्रवीण कुमार मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। मृतक के बड़े भाई रवि कुमार ने बताया कि वह भाड़े पर गाड़ी लेकर बाहर गया हुआ था। इसी दौरान घर से सूचना मिली कि उसका भाई छत से गिर गया है। सूचना मिलते ही वह तुरंत वापस पहुंचे, तब तक परिजन उसे मायागंज अस्पताल में भर्ती करा चुके थे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रवीण के बड़े भाई रवि ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, ये मुझे नहीं पता। चचेरे भाई ने घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया था। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि परिवार में किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। रवि ने बताया कि चार भाइयों में से दो बाहर रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि मैं और प्रवीण भागलपुर में ही रहते हैं। हम दोनों पेशे से ड्राइवर हैं। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नाथनगर थाना अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Source link