बांका में गुरुवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला की मौत हो गई। घटना बाराहाट थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान महुआ गांव निवासी विपुल यादव की पत्नी कविता देवी (47) के रूप में हुई है। कविता देवी देर रात लबोखर गांव में आयोजित एक भोज में शामिल होने पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं। इलाज के दौरान गई जान हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस पहुंचने पर घायल महिला को बाराहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बाराहाट थाना अध्यक्ष अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ट्रक चालक की तलाश जारी थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश जारी है और इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस घटना से मृतका के परिजनों में दुख का माहौल है।
Source link