छतरपुर जिले में इन दिनों गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को भारी भीड़ का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि सिलेंडर लेने के लिए लोगों को देर रात से ही लाइन में लगना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता तो चटाई और बिस्तर लेकर गैस गोदाम के बाहर ही रात गुजार रहे
.
जिला मुख्यालय के पन्ना रोड, रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्वरूप गैस एजेंसी पर हाइवे किनारे सिलेंडरों की लंबी कतारें सुबह से ही नजर आ रही हैं। कुछ लोग सुबह 4-5 बजे घर से निकलकर लाइन में लग जाते हैं, जबकि कई उपभोक्ता पिछले दिन शाम से ही डेरा डाल लेते हैं।
जमना प्रसाद पटेल ने बताया कि वे रात में ही खाना खाकर गोदाम के सामने पहुंच गए थे और पूरी रात इंतजार किया, ताकि सुबह सबसे पहले नंबर मिल सके। हालांकि, रात से सुबह होने पर भी लाइन में लगे होने के बावजूद 10 बजे तक एजेंसी और गोदाम खुलने का कोई भरोसा नहीं था।
उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि इतनी मेहनत के बाद भी गैस नहीं मिलती, तो उनकी पूरी रात और दिन दोनों बर्बाद हो जाते हैं। वहीं, महिलाओं को इस व्यवस्था में अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुदामा देवी त्रिपाठी का कहना है कि उन्हें पुरुषों के साथ ही लाइन में खड़ा होना पड़ता है, जिससे असुविधा होती है और घर के काम भी प्रभावित होते हैं।
लाइन में लगी सुदामा देवी त्रिपाठी ने मांग की है कि जैसे अन्य जगहों पर अलग-अलग लाइनें होती हैं, उसी तरह गैस वितरण में भी महिला और पुरुषों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था की जानी चाहिए।
रंजीत महाराज सहित अन्य उपभोक्ताओं ने भी व्यवस्था सुधारने और समय पर एजेंसी खोलने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो समस्या और गंभीर हो सकती है।