राजगढ़ के माचलपुर में 8 लाख रुपए के सेब फल चोरी की कहानी आखिरकार झूठी निकली। तीन दिन पहले जिस वारदात को हाईवे पर संगठित चोरी माना जा रहा था, वह अब ड्राइवर और उसके साथी की बनाई साजिश साबित हुई है। पुलिस जांच में CCTV फुटेज सबसे बड़ा सबूत बना।
.
13 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के रामबन निवासी ट्रक ड्राइवर इम्तियाज हुसैन (25) ने माचलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि पुलवामा से तेलंगाना के वारंगल जा रहे ट्रक से 1000 पेटी सेब फल माचलपुर-पचोर रोड पर चोरी हो गए। घटना के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
CCTV में नहीं दिखी चोरी, यहीं से बदला केस का रुख जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कहीं भी ट्रक से माल चोरी होने का कोई सबूत नहीं मिला। इसके बाद पुलिस का शक सीधे फरियादी पर गया।
पुलिस ने जब ड्राइवर एम्तिहाज (25) और उसके साथी जहांगीर (27) से सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने सच उगल दिया। उन्होंने बताया कि लालच में आकर उन्होंने खुद ही सेब फल की खेप गायब कर दी और चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई।
जयपुर की कोल्ड स्टोरेज से बरामद हुआ पूरा माल पूछताछ में सामने आया कि सेब फल की पूरी खेप राजस्थान के जयपुर स्थित अरावली कोल्ड स्टोरेज, मुहाना मंडी में छिपाई गई थी। इसके बाद माचलपुर पुलिस टीम ने जयपुर पहुंचकर पूरा माल जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि झूठी रिपोर्ट दर्ज कराना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्ती से निपटा जाएगा।