सहरसा पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सदर थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक ढाला के पास संचालित एक संदिग्ध कार्यालय पर छापेमारी कर तीन युवतियों को हिरासत में लिया गया। साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने इस कार्रवाई की पुष्टि की
.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि “मैरेज लाइन डॉट कॉम” के नाम से फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। गिरोह फेक आईडी बनाकर सोशल मीडिया के जरिए लोगों को शादी का झांसा देता था और रजिस्ट्रेशन या संपर्क के नाम पर 1500 रुपए वसूलता था। इसी सूचना के आधार पर सोमवार को पुलिस ने छापेमारी की।
पुलिस ने 3 युवतियों से हिरासत में की पूछताछ
छापेमारी के दौरान मौके से तीन युवतियों को हिरासत में लिया गया। उन्हें सहरसा सदर थाना में रखकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इनमें से दो युवतियां सहरसा की और एक पूर्णिया जिले की निवासी है।
पूछताछ में युवतियों ने बताया कि वे 10,000 रुपए मासिक वेतन पर काम कर रही थीं और उन्हें इस ठगी के बारे में जानकारी नहीं थी। पुलिस उनके दावों की सत्यता की जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
सदस्यों और संचालकों की पहचान जारी
साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि यह शुरुआती कार्रवाई है। गिरोह के अन्य सदस्यों और संचालकों की पहचान की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस ठगी गिरोह के पूरे दायरे और इसमें शामिल लोगों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।