सलूंबर जिले में विकसित ग्राम अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. की अध्यक्षता में एक वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय
.
कलेक्टर ने अभियान की नींव के रूप में आधारभूत डाटा संकलन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम विकास अधिकारी अपने क्षेत्र का सटीक और तथ्यात्मक डाटा तैयार करे। कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि गांवों का संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
बैठक में कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जिन अधिकारियों ने अब तक आवश्यक डाटा प्रस्तुत नहीं किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर पंचायतों के निर्माण का लक्ष्य तय करते हुए अभी से ठोस और व्यावहारिक योजना बनाने के निर्देश दिए।
व्यापक योजना तैयार करने पर जोर
कलेक्टर ने पंचायतीराज के 28 विषयों को शामिल करते हुए व्यापक योजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म प्राथमिकताएं तय करने के निर्देश दिए। त्वरित योजनाओं में आवश्यक कार्यों और दीर्घकालीन योजनाओं में जीवनशैली सुधार से जुड़े पहलुओं को शामिल करने को कहा गया।
चारागाह, श्मशान और पार्क जैसी सार्वजनिक भूमि के विकास पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। कलेक्टर ने इन कार्यों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को नियमित निगरानी, निरीक्षण करने और कलेक्टर प्रभारियों को क्षेत्र भ्रमण कर प्रगति की समीक्षा करने के लिए कहा।
आत्मनिर्भरता के सुझाव दिए
अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने तीन चरणों में योजनाएं तैयार करने और दीर्घकालीन सोच के साथ काम करने की बात कही। बैठक में अधिकारियों ने नहर विकास, स्मार्ट गांव, ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार और सोलर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता जैसे कई सुझाव भी प्रस्तुत किए।
‘किसी भी ब्लॉक में शत-प्रतिशत कार्य पूरा नहीं हुआ’
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार ने बताया कि अभी तक किसी भी ब्लॉक में शत-प्रतिशत कार्य पूरा नहीं हुआ है। इस पर असंतोष व्यक्त किया गया और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करेंगे
कलेक्टर ने कहा कि बेसलाइन कार्य शीघ्र पूरा कर ऑनलाइन अपलोड किया जाए, क्योंकि जल्द ही उच्च स्तरीय निरीक्षण होने वाला है। उन्होंने चेतावनी दी कि बैठक में अनुपस्थित रहने और लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई होगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।