फतेहगढ़ साहिब में छप्पड़ में गिरने से बुआ-भतीजे की मौत:5 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल, रिक्शा अनियंत्रित होने से हादसा




फतेहगढ़ साहिब के गांव बडगुजरा में शुक्रवार को एक छप्पड़ में गिरने से बुआ और उसके 12 वर्षीय भतीजे की मौत हो गई। इस हादसे में महिला का 5 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, महिला छुट्टियों में अपने मायके आई हुई थी। उसका 12 वर्षीय भतीजा अनंतवीर और 5 वर्षीय बेटा विवेक रिक्शा पर उपले लेकर आ रहे थे। गांव बडगुजरा में एक वैन से बचने के लिए रिक्शा को सड़क से नीचे उतारा गया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से रिक्शा पास के छप्पड़ में फिसल गया और दोनों बच्चे पानी में गिर गए। बच्चों के छप्पड़ में गिरने के बाद उनकी मां उन्हें बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद गईं। गांव वालों ने बचाव कार्य शुरू किया इसके बाद परिवार के एक बुजुर्ग सदस्य भी बच्चों को बचाने के लिए छप्पड़ में उतर गए। इस तरह कुल चार लोग पानी में फंस गए। गांववालों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और बुजुर्ग तथा 5 वर्षीय विवेक को छप्पड़ से बाहर निकाल लिया। हालांकि, छप्पड़ की अधिक गहराई के कारण महिला और अनंतवीर पानी में फंसे रहे। सूचना मिलने पर गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। अनंतवीर को तुरंत सिविल अस्पताल मंडी गोबिंदगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला और उसके बेटे विवेक की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि विवेक का उपचार जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *