मोगा में ट्रांसफार्मर तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश:दो आरोपी गिरफ्तार, 11 लोगों के खिलाफ केस; ग्रामीणों ने की पुलिस की मदद




मोगा पुलिस ने बिजली ट्रांसफार्मर और मोटर की तारें चोरी करने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को लोगों की मदद से काबू किया है। इस मामले में कुल 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तारें भी बरामद की हैं। डीएसपी जोरा सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हरप्रीत सिंह उर्फ चंदू और गुरविंदर सिंह उर्फ भूंडी सहित कुल 11 लोगों ने मिलकर एक गिरोह बनाया हुआ है। इनमें बरगाड़ी (फरीदकोट) के निवासी जसप्रीत सिंह, सुखप्रीत सिंह उर्फ सुखी, राजन सिंह, जसनदीप सिंह उर्फ कॉपी, बब्बी सिंह, मल्लके निवासी बिट्टू सिंह और सिबियां (फरीदकोट) निवासी निम्मा कबाड़िया व सतनाम कबाड़िया शामिल हैं। रात को खेत में लगे बिजली ट्रांसफार्मरों को बनाते थे निशाना एक अज्ञात कबाड़ी भी इस गिरोह का हिस्सा है, जिसकी दुकान जैतो के चैना रोड पर स्थित है। यह गिरोह मोगा जिले के थाना समालसर, थाना बाघापुराना के इलाकों और फरीदकोट के आसपास के गांवों में सक्रिय था। रात के समय खेतों में लगे बिजली ट्रांसफार्मरों और मोटरों से तारें तोड़कर तांबा निकाल लेते थे। चोरी किए गए तांबे को जलाने के बाद कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। पिछले कुछ समय में इस गिरोह ने इलाके में कई ट्रांसफार्मरों से तारें चोरी की थीं। पुलिस को जानकारी मिली थी कि गिरोह के सदस्य हरप्रीत सिंह उर्फ चंदू और गुरविंदर सिंह उर्फ भूंडी मोटरसाइकिल पर खेतों से मोटरों की तारें बोरी में भरकर ले जा रहे थे। इलाके के लोगों ने भी चोरी की घटनाओं से परेशान होकर विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर रखी थी। इन्हीं नाकाबंदियों के दौरान मोटरसाइकिल सवारों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर उनके पास से चोरी की तारें बरामद कीं। थाना समालसर में गिरोह के सदस्यों और कबाड़ियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिससे अन्य चोरी के मामलों में भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *