सतना के मझगवां रेंज के देवलहा बीट के जंगल में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लग गई। रोहनिया गांव के पास स्थित कक्ष क्रमांक पी-839 और पी-840 में लगी इस आग से करीब 15 से 20 हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर खाक हो गया। आग बुझाने के दौरान दो वनकर्मी भी बेहोश हो गए। यह आग दोपहर करीब 1 बजे अज्ञात कारणों से लगी थी। प्रभारी रेंजर अभिषेक मिश्रा के अनुसार, आग मुख्य रूप से झाड़ियों और लेंटाना में लगी थी, लेकिन तेज हवा और सूखी तुलसा की झाड़ियों के कारण तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें 10 से 12 फीट ऊंची उठ रही थीं, जिससे इसकी भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालात की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग का पूरा अमला मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। परिक्षेत्र के 12 वनकर्मी और 25 सुरक्षा श्रमिक लगातार 7 घंटे तक फायर बीटर्स और लीफ ब्लोअर की मदद से आग पर काबू पाने के लिए संघर्ष करते रहे। रात करीब 8 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। आग बुझाने के अभियान के दौरान दो वनकर्मी रामकृष्ण पांडेय और गोविंद यादव ऑक्सीजन की कमी और अत्यधिक तापमान के कारण अचेत हो गए। उन्हें तत्काल मझगवां के शासकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद लगभग 3 घंटे बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एहतियात के तौर पर चित्रकूट से फायर ब्रिगेड भी बुलाई गई थी, ताकि आग रोहनिया गांव तक न फैले। हालांकि, जंगल के अंदर रास्ता न होने के कारण दमकल वाहन मौके तक नहीं पहुंच सका। वन विभाग के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Source link