जमुई जिले में शराब तस्करी का एक मामला सामने आया है। गरही थाना पुलिस ने अमूल दूध की सप्लाई करने वाली एक गाड़ी से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 487.8 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मैजिक मालवाहक वाहन से गरही क्षेत्र में भारी मात्रा में शराब लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने डूमरोजोर के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की। संदिग्ध गाड़ी को रुकने का इशारा किया जांच के दौरान, पुलिस ने अमूल डेयरी लिखी एक संदिग्ध गाड़ी को रुकने का इशारा किया। हालांकि, चालक ने गाड़ी की गति बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिसकर्मी हैरान रह गए। गाड़ी में ऊपर की सतह पर दूध के क्रेट रखे थे, लेकिन नीचे एक गुप्त तहखाना बनाया गया था। इस तहखाने में अलग-अलग ब्रांड की 55 कार्टन में कुल 487.8 लीटर अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी। चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया गया मौके से वाहन के चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार चालक की पहचान पटना जिले के सैयदपुर निवासी दीनानाथ पासवान के रूप में हुई है। उपचालक नालंदा के लोहरा निवासी धीरज कुमार है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब की यह खेप झारखंड के बोकारो से लाई जा रही थी और इसे नवादा में डिलीवर किया जाना था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और जवान भी शामिल थे।
Source link