इंदौर EV अग्निकांड- पुगलिया परिवार को पुलिस ने सौंपा घर:अब रहने लायक नहीं रहा घर; चार्जिंग सॉकेट में शॉर्ट-सर्किट से कार में लगी थी आग




इंदौर के बंगाली चौराहा स्थित ब्रजेश्वरी एनएक्स में हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार से उनका घर छीन लिया है। कारोबारी मनोज पुगलिया के मकान में लगी आग के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि यह घर रहने लायक नहीं बचा है। पुलिस ने जला हुआ मकान औपचारिक रूप से परिवार को सौंप तो दिया है, लेकिन दीवारों, पिलरों और छतों में आई दरारें इस बात की गवाही दे रही हैं कि यहां दोबारा बसना फिलहाल संभव नहीं। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि शहरी इलाकों में तेजी से बढ़ रहे ई-व्हीकल उपयोग और उससे जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े करता है। डीसीपी जोन-2 कुमार प्रतीक के अनुसार 18 मार्च की रात ई-कार चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से आग भड़की थी। अब तक की जांच में यही कारण सामने आया है, हालांकि अंतिम पुष्टि एफएसएल रिपोर्ट के बाद होगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर उच्चस्तरीय जांच टीम गठित की गई थी। पुलिस ने अब तक 18 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें प्रत्यक्षदर्शी, पड़ोसी और एनडीआरएफ के जवान शामिल हैं। बिजली विभाग भी अपनी रिपोर्ट सौंप चुका है, जबकि जले हुए कार के हिस्से और चार्जिंग सर्किट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद पूरी तस्वीर साफ होगी। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या रिहायशी इलाकों में ई-व्हीकल चार्जिंग के लिए पर्याप्त सुरक्षा मानक मौजूद हैं? और अगर हैं, तो उनका पालन कितना हो रहा है? यह था पूरा मामला इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स में 18 मार्च 2026 की तड़के सुबह करीब साढ़े तीन बजे कार की बैटरी या चार्जिंग सॉकेट में शॉर्ट सर्किट की वजह से जोरदार धमाका हुआ और कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर के पास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण आग और जहरीले धुएं के कारण दम घुटने से कारोबारी मनोज पुगलिया समेत परिवार के कुल 8 सदस्यों की जान चली गई। हालांकि परिवार की ओर से कुछ संशय जताए गए थे, लेकिन पुलिस और फॉरेंसिक टीम की प्राथमिक जांच में यही सामने आया कि इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग के दौरान हुआ शॉर्ट सर्किट ही इस भीषण तबाही की मुख्य वजह था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *