ग्वालियर में दिनदहाड़े बीएसएफ जवान की बेटी से लूट:बाइक सवार बदमाश 10 तोला सोना लूटकर हुए फरार; सीसीटीवी में एक्टिवा सवार कैद




ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई। एटीएम तिराहे के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक युवती से सोने से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। पीड़िता की पहचान शेजू सिकरवार के रूप में हुई है। पीड़िता के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे वह बहोड़ापुर तिराहे स्थित केप्री लोन्स बैंक से सोना लेकर IIFL फाइनेंस कंपनी में लोन के लिए जमा कराने जा रही थीं। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर करीब 10 तोला सोने के जेवरों से भरा बैग छीन लिया। लूटे गए गहनों की कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है। ये जेवर शेजू सिकरवार और उनकी मां प्रिया सिकरवार के थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन उनकी हरकत पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। शेजू के पिता अरविंद्र सिंह सिकरवार बीएसएफ में पदस्थ हैं और वर्तमान में बंगाल में तैनात हैं। पीड़ित परिवार पुरानी छावनी क्षेत्र का निवासी है। सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसआई संजू दुबे ने बताया कि युवती एक बैंक से सोना निकालकर दूसरे बैंक में गिरवी रखने जा रही थी, तभी एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने बैग छीन लिया। लूटे गए सोने का वजन करीब 10 से 11 तोला बताया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *