तरनतारन दरबार साहिब सरोवर में व्यक्ति का शव मिला:कल कूदा था, मृतक का भाई बोला- उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी




तरनतारन के श्री दरबार साहिब सरोवर में मास्या के अवसर पर एक व्यक्ति डूब गया। यह घटना 17 तारीख को शाम 4 बजे हुई। हरिके से बुलाए गए गोताखोरों ने व्यक्ति के शव को ढूंढ निकाला है। श्री दरबार साहिब के हेड ग्रंथी सतपाल सिंह और मैनेजर हरजिंदर सिंह पट्टी ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मास्या के मौके पर हजारों श्रद्धालु दरबार साहिब में माथा टेकने आए थे। मंजी साहिब हॉल में कीर्तन सुन रहा एक व्यक्ति अचानक सरोवर की ओर बढ़ा और कपड़ों सहित उसमें कूद गया। मौके पर मौजूद संगत और सेवादारों को पहले लगा कि व्यक्ति ‘पांच इश्नाना’ कर रहा है। हालांकि, वह कूदने के तुरंत बाद सरोवर में लगी बाड़ के पार चला गया और पानी में डूब गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। मैनेजर हरजिंदर ने तुरंत गोताखोरों को बुलाया मैनेजर हरजिंदर सिंह पट्टी ने तत्काल हरिके पत्तन से गोताखोरों को बुलाया। गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद डूबे हुए व्यक्ति का शव बरामद किया। शव को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। उसके भाई मनजिंदर सिंह ने बताया कि सुखविंदर को कुछ दिनों से दौरे पड़ रहे थे और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मनजिंदर सिंह के अनुसार, सुखविंदर घटना से एक दिन पहले अपने पिता के साथ दवाई लेने आया था और वहीं से दरबार साहिब पहुंचा था। उन्होंने यह भी बताया कि सुखविंदर पहले भी इसी तरह की हरकत कर चुका था। सुखविंदर अविवाहित था और उसके तीन बहनें तथा दो भाई हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *