जालंधर के हरनामदासपुरा में लूट में पुलिस को कामयाबी:सीसीटीवी के आधार पर एक आरोपी काबू, महिला को बंधक बनाकर वारदात को दिया था अंजाम




जालंधर के हरनामदासपुरा में स्थित ‘वेस्ट एंड वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रेवल’ की दुकान पर तीन नकाबपोश लुटेरों ने 1.08 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी गुरदीप को काबू कर लिया है, जो वेस्ट हलके का रहने वाला बताया जा रहा है। वारदात के समय दुकान पर मौजूद महिला कर्मी को बंधक बनाकर लुटेरे नकदी लेकर फरार हो गए थे। जालंधर के थाना 2 के अंतर्गत आने वाले हरनामदासपुरा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब नकाबपोश लुटेरों ने एक ट्रेवल एजेंसी को निशाना बनाया। घटना के वक्त दुकान पर एक महिला कर्मचारी अकेली मौजूद थी। सीसीटीवी में कैद हुई लुटेरों की हरकत
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सबसे पहले काले रंग की शर्ट में एक युवक मुंह पर रुमाल बांधकर दुकान में दाखिल हुआ। उसने महिला कर्मचारी से टिकट के बहाने पूछताछ शुरू की। इसके कुछ ही देर बाद चेक शर्ट पहने दूसरा साथी मास्क लगाकर अंदर आया, जबकि उनका तीसरा साथी बाहर एक्टिवा पर निगरानी रख रहा था। महिला को दबोचा और नकदी लेकर हुए फरार
फुटेज में देखा जा सकता है कि जब महिला फोन पर बात करने में व्यस्त थी, तभी काले रंग की शर्ट वाला युवक चुपके से काउंटर के पीछे चला गया। उसने पीछे से महिला का मुंह दबोच लिया और दूसरे साथी को इशारा किया। इसके बाद लुटेरों ने तिजोरी में रखे 1 लाख 8 हजार रुपये निकाले और बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी अजय सिंह और थाना 2 के प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि आरोपी दोपहर 3:30 बजे भी रेकी करने आए थे और शाम करीब 6:22 बजे वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से वेस्ट हलके के रहने वाले गुरदीप नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करेगी और बाकी साथियों की गिरफ्तारी भी संभव है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *