दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के नूरी नगर में एक सूने मकान से लाखों रुपए की चोरी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार शाम कोतवाली में सीएसपी एचआर पांडे ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी से चोरी की गई सोने, चांदी के जेवरात और अन्य सामग्री बरामद कर ली गई है। दो दिन के लिए शादी में गया था परिवार सीएसपी पांडे ने जानकारी दी कि शुक्रवार को नूरी नगर निवासी फरियादी नईम कुरैशी ने दमोह कोतवाली के पुलिस सहायता केंद्र बजरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि वह परिवार के साथ दो दिन के लिए एक शादी समारोह में गया था। घर के मेनगेट के अंदर के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। शुक्रवार को जब वह वापस लौटे, तो घर के अंदर जाने वाले कमरे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के भीतर जाने पर कमरे में रखी लकड़ी की अलमारी का ताला भी टूटा हुआ पाया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच अलमारी से करीब 857 ग्राम चांदी के जेवरात, 4 ग्राम सोने के जेवरात और एक मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग तीन लाख सोलह हजार रुपये बताई गई है। शिकायत के बाद अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा मुखबिर की सूचना के आधार पर नूरी नगर निवासी 26 वर्षीय परवेज कुरैशी पुत्र इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी परवेज कुरैशी ने चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए सभी सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
Source link