अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर के सेवन से मौत हो गई। मृतका के शव को अस्पताल में छोड़कर ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए। मामले में पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की मां सुमित्रा ने थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी रीना की शादी करीब 17 साल पहले हाजीपुर निवासी दलवीर पुत्र किशनचंद (ओड राजपूत) के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति दलवीर, सास वंतो बाई, ससुर किशनचंद, नंदोई सुरेश चंद, जेठ व जेठानी लगातार रीना के साथ मारपीट और झगड़ा करते थे तथा उसे जान से मारने की धमकियां देते रहते थे। मां के अनुसार, रीना ने कई बार फोन कर अपने साथ हो रहे अत्याचार की जानकारी दी थी। आरोप है कि 30 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच सभी ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर रीना को कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया और उसे तड़पने के लिए छोड़ दिया। जब हालत बिगड़ने लगी तो आरोपी उसे सरकारी अस्पताल अलवर लेकर पहुंचे और सूचना दी। परिजन जब राजीव गांधी सामान्य अस्पताल पहुंचे, तब रीना ने उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। इलाज के दौरान 31 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे रीना की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद पति दलवीर भी मौके से फरार हो गया।रीना के तीन बच्चे है।मृतिका की मां की तरफ से थाने में शिकायत दे दी गई है। मृतिका रीना का पीहर इन्दरी जिला करनाल है,पंचनामा कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
Source link