सरकारी स्कूल ने 12वीं में दिया शत-प्रतिशत परिणाम:20 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की




ब्यावर के जवाजा क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडकोचरा ने इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विद्यालय ने यह उपलब्धि प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के सभी विद्यार्थी परीक्षा में सफल रहे। इनमें से 20 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर विद्यालय का नाम रोशन किया। छात्र लोकसिंह ने 84.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं छात्रा कांता चौहान ने 80.40 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। यह सफलता सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि विद्यालय का 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। इसमें भी अधिकांश विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की थी। संस्था प्रधान लक्ष्मणसिंह ने इस उपलब्धि को टीम वर्क का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की लगन, विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग से ही यह संभव हो पाया है। लक्ष्मणसिंह ने जोर देकर कहा कि सही दिशा और समर्पण के साथ सरकारी विद्यालयों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सकती है। यह परिणाम न केवल बडकोचरा विद्यालय के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के अन्य सरकारी विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गया है। इस विद्यालय ने यह सिद्ध किया है कि मेहनत और समर्पण के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *