सागर में कटरा और मोतीनगर के बाद अब सिविल लाइन चौराहे के पास स्थित चौपाटी पर शनिवार रात 8-10 नकाबपोश बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। मुंह पर कपड़ा बांधकर आए इन बदमाशों ने बिना किसी बात के दुकानों के काउंटर तोड़े और पार्किंग में खड़े वाहनों को लात मारकर गिरा दिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया है और सिविल लाइन पुलिस फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। गाड़ियों से पहुंचे थे बदमाश, अचानक मचाने लगे उत्पात जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सिविल लाइन चौराहे के पास बनी चौपाटी पर दुकानें खुली हुई थीं। तभी अचानक गाड़ियों से 8-10 बदमाश वहां पहुंचे। इन सभी ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। इन्होंने बगैर किसी कारण और बातचीत के चौपाटी पर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। फुटपाथ पर खड़ी बाइकों को लात मारकर गिराने लगे और दुकानों के काउंटर में तोड़फोड़ की। यह उत्पात देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई और लोग जान बचाकर भागने लगे। पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी, दुकानदार दहशत में घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। कैमरों में पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। फुटेज में कुछ युवक दुकानों में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद से स्थानीय दुकानदार दहशत में हैं। थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि उत्पात मचाकर भागे बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
Source link