सिंगरौली जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर खाखंन नदी के पास बीती रात हुए सड़क हादसे के बाद लंबा जाम लग गया है। एक भारी वाहन के पीछे लुढ़कने से दो गाड़ियों की टक्कर हुई, जिससे दोनों वाहन पलट गए। इस हादसे में सभी चालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं, लेकिन सड़क पूरी तरह बाधित हो गई है। हादसे के बाद से देवसर से बरगवां मार्ग और सीधी से सिंगरौली मार्ग तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। इसमें हजारों वाहन फंसे हुए हैं। भीषण गर्मी के कारण फंसे यात्रियों और ड्राइवरों को पानी और नाश्ते की कमी से जूझना पड़ रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार जाम खुलवाने में जुटी है। बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण क्रेन को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि गाड़ियों को धीरे-धीरे किनारे किया जा रहा है, ताकि पलटे वाहनों को हटाने के लिए क्रेन पहुंच सके। टीआई समीर ने आश्वासन दिया कि जल्द ही रास्ता पूरी तरह से साफ कर दिया जाएगा और यातायात सामान्य हो सकेगा। प्रशासन फिलहाल स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
Source link