अररिया DM ने जनता दरबार में सुनीं शिकायतें:82 मामलों पर तुरंत कार्रवाई के दिए निर्देश




अररिया में “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में आयोजित इस दरबार में विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएँ रखीं। कुल 82 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। यह जनता दरबार सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत आयोजित किया गया था। इसमें जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोगों को सीधे जिलाधिकारी से अपनी बात कहने का अवसर मिला। संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिए जिलाधिकारी ने सभी 82 शिकायतों की क्रमवार सुनवाई की। उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन मामलों पर आवश्यक और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। जनता दरबार में कई तरह की शिकायतें सामने आईं। बसंत लाल यादव ने नई बड़ी रेल लाइन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित मुआवजा राशि दिलाने का अनुरोध किया। मैमनू निशा ने विधवा पेंशन न मिलने की शिकायत की, जबकि उमेश राय ने चालान एवं केवाला निबंधन पर रोक लगाने की मांग की। स्वच्छता पर्यवेक्षक के पद पर चयन न होने की बात कही अन्य शिकायतों में मो. नादिर अनवर ने स्वच्छता पर्यवेक्षक के पद पर चयन न होने की बात कही। सूरज कुमार ने आर्थिक तंगी के कारण आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद मांगी। वहीं, मो. खालिद ने अपनी खतियानी जमीन पर अवैध कब्जे को हटाने की गुहार लगाई। बीबी नरगिस ने गैस कनेक्शन से संबंधित समस्या बताई कि पासबुक होने के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल रहा है। ओम प्रकाश पोद्दार ने मानिकपुर पंचायत में उच्च विद्यालय की स्थापना की मांग रखी। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लिया और संबंधित विभागों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *