नेशनल रग्बी चैंपियनशिप में ओडिशा ने बिहार को हराया:टीम ने जीता गोल्ड मेडल, चैंपियनशिप का अगला चरण 20-21 अप्रैल को होगा




राजगीर खेल अकादमी में 13वीं सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप खेला गया। महिला वर्ग में ओडिशा की टीम चैंपियन बनी। शुक्रवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में ओडिशा ने मेजबान बिहार को 27-0 के बड़े अंतर से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस हार के साथ बिहार की टीम को उप-विजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा, जबकि तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में पश्चिम बंगाल ने दिल्ली को मात देकर कांस्य पदक हासिल किया। चैंपियनशिप का अगला चरण 20 और 21 अप्रैल को राजगीर में ही आयोजित होगा, जिसमें देश भर की पुरुष रग्बी टीमें अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने पुरुष वर्ग के मुकाबलों के लिए भी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीन ट्राई से 15 अंक जुटाए
टूर्नामेंट के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पूर्व खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह सीईओ रवींद्रण शंकरण, रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस और बिहार रग्बी संघ के सचिव पंकज ज्योति ने विजेता और उप-विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। फाइनल मैच की बात करें तो ओडिशा की ओर से निर्मल्या राउत ने शानदार खेल दिखाते हुए तीन ट्राई के जरिए अकेले 15 अंक जुटाए। वहीं तारुलता नाइक ने 10 अंक और पारबती हंसदा ने भी स्कोर कर टीम की जीत सुनिश्चित की। ओडिशा के लिए पिछले छह वर्षों में यह तीसरा नेशनल टाइटल है।
ओडिशा ने पश्चिम बंगाल को 31-7 से हराया प्रतियोगिता के नॉकआउट चरण से ही टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। सेमीफाइनल में ओडिशा ने पश्चिम बंगाल को 31-7 से और बिहार ने दिल्ली को 33-7 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। दिलचस्प बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर पिछले तीन फाइनल मुकाबलों में लगातार ओडिशा और बिहार की टीमें ही आमने-सामने रही हैं, जो महिला रग्बी में इन दोनों राज्यों के वर्चस्व को दर्शाता है। व्यक्तिगत प्रदर्शन के मामले में पश्चिम बंगाल की संध्या राय 57 अंकों के साथ टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर रहीं, जबकि ओडिशा की तारुलता नाइक 56 अंकों के साथ दूसरे और बिहार की आरती कुमारी 55 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *