बर्थडे पार्टी में विवाद, प्रॉपर्टी डीलर बाबा पठान गिरफ्तार:बाराबंकी में 10 से ज्यादा केस पहले से दर्ज, अभद्रता के आरोप में पुलिस ने पकड़ा




बाराबंकी के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मन्नत अपार्टमेंट में जन्मदिन समारोह के दौरान विवाद हो गया। यहां रहने वाले निकुंज मोदी परिवार के साथ बर्थडे मना रहे थे, तभी प्रॉपर्टी डीलर अबू बकर उर्फ बाबा पठान वहां पहुंच गया। किसी बात को लेकर उसकी निकुंज मोदी से कहासुनी हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान बाबा पठान ने अभद्रता शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में चालान किया और शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे पुलिस के मुताबिक बाबा पठान के खिलाफ नगर कोतवाली में पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। ये मामले मुख्य रूप से सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जे से जुड़े हैं। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में एडिशनल एसपी विकास चंद त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *