मधेपुरा के दीनापट्टी के समीप शुक्रवार की देर रात पटना से पूर्णिया कोर्ट जा रही कोसी एक्सप्रेस के एक जनरल कोच के निचले हिस्से में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 11.20 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन के जनरल कोच संख्या एस-5 में अचानक नीचे की ओर से धुआं निकलना शुरू हुआ, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बताया कि शुरुआत में जब धुआं उठता दिखा तो कुछ यात्रियों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को सचेत करने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। ट्रेन कुछ दूर आगे बढ़ी ही थी कि धुआं तेजी से आग की लपटों में बदल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को तत्काल रोका गया और उस कोच के यात्री नीचे उतरा। आधे घंटे तक रुकी रही ट्रेन रेलवे कर्मियों ने आग बुझाई। आग लगने के कारण करीब आधे घंटे तक ट्रेन रुकी रही। आग पर नियंत्रण के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Source link