मनियां में अंबेडकर जयंती शोभायात्रा निकाली:31 झांकियां और 12 बैंड रहे आकर्षण का केंद्र




धौलपुर जिले के मनियां कस्बे में अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ बसेड़ी विधायक संजय जाटव और धौलपुर प्रधान प्रतिनिधि नागेश कुशवाह ने हरी झंडी दिखाकर किया। शोभायात्रा स्थानीय थाने से शुरू होकर मुख्य बाजार मार्ग से गुजरी और अंबेडकर पार्क पर समाप्त हुई। अंबेडकर पार्क में ही मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में 31 आकर्षक झांकियां और राजस्थान व मध्यप्रदेश के 12 प्रसिद्ध बैंड दल शामिल हुए, जिन्होंने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। बाबा साहेब की प्रतिमा को एक सजे-धजे रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। विधायक का हुआ स्वागत
कार्यक्रम स्थल पर आयोजन समिति और समाज के लोगों ने विधायक संजय जाटव का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि विधायक संजय जाटव ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक जाटव ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब ने अपने जीवनकाल में दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए संघर्ष किया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। बाबा साहेब के विचारों से किया जागरूक
शोभायात्रा के दौरान लोगों ने “जय भीम” के नारे लगाए और नीले दुपट्टे व झंडे के साथ समरसता का संदेश दिया। बैंड-बाजों की धुन पर लोग नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। तख्तियों पर बाबा साहेब के विचारों को लिखकर लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर नागेश कुशवाह ने बाबा साहेब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्यप्रदेश के महू में हुआ था। उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से उच्च शिक्षा प्राप्त की और कानून, अर्थशास्त्र व राजनीति में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की। उन्होंने स्वतंत्र भारत के पहले कानून मंत्री के रूप में संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष अजय स्वर्णकार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पोसवाल, पप्पू जाटव, शुभाष जाटव, शिवदास जाटव, बंशी, भारत जाटव, सरनाम गुर्जर, नाथूराम कुशवाह, के.के. गहलोत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *