खंडवा के मूंदी थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को थार और बलेनो कार की भिड़ंत का मामला हत्या निकला है। आरोपी भाजपा नेता लवकुश राठौर ने अपनी साली सारिका के प्यार में बलेनो सवार पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची थी। जानबूझकर अपनी थार से बलेनो को तीन बार टक्कर मारकर खंती में धकेल दिया। इस घटना में जलवां बुजुर्ग की पूर्व महिला सरपंच सुमनबाई (58) और उनके बेटे सौरभ राठौर (28) की मौत हो गई, जबकि सारिका सहित तीन लोग घायल हुए हैं। वर्तमान में पुलिस ने आरोपी दामाद लवकुश को गिरफ्तार कर उस पर हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। 12 साल पुरानी है जीजा-साली की प्रेम कहानी पुलिस के अनुसार, आरोपी लवकुश राठौर और 30 वर्षीय सारिका के बीच पिछले 12 साल से अफेयर चल रहा था। लवकुश की शादी सारिका की ममेरी बहन से हुई है। लवकुश उम्र में सारिका से 10 साल बड़ा है और दो बच्चों का पिता है। सारिका अपनी बहन के पास जाने के बहाने कई दिनों तक उनके घर पर रहती थी और सारे त्योहार जीजा के साथ मनाती थी। ममेरी बहन और परिवार सालों तक इस प्रेम कहानी से अनजान रहे। 5 मई को तय थी शादी, खफा होकर रची पूरे परिवार को मारने की साजिश जीजा-साली के बीच अफेयर का खुलासा होने पर पूर्व सरपंच सुमनबाई और परिवार ने सारिका का रिश्ता 130 किलोमीटर दूर बड़वानी जिले के ठीकरी निवासी युवक से तय कर दिया था। 5 मई को शादी होने वाली थी, लेकिन आरोपी लवकुश और सारिका दोनों इस रिश्ते के खिलाफ थे। दो बच्चों के पिता लवकुश ने सारिका को अपने साथ रखने का मन बना लिया था। परिवार की इस पाबंदी और शादी तय होने से खफा होकर लवकुश ने पूरे परिवार को खत्म करने के लिए यह जानलेवा षडयंत्र रचा। इससे पहले भी वह परिवार को डराता-धमकाता था और पुलिस में इसकी शिकायत भी हुई थी। कॉल डिटेल में खुलासा- रोजाना 100 बार फोन पर होती थी बात यह घटना 16 अप्रैल (गुरुवार) को केनूद के पास हुई थी, जब परिवार बलेनो कार से सिंगाजी धाम जा रहा था। पुलिस जांच में यह सवाल उठा कि आरोपी जीजा को परिवार की लोकेशन कैसे पता चली। मूंदी पुलिस ने जब आरोपी की कॉल डिटेल खंगाली तो सामने आया कि लवकुश और सारिका के बीच मिनट टू मिनट बातचीत होती थी। दोनों रोजाना एक-दूसरे से करीब 100 बार फोन पर बात करते थे। घटना वाले दिन भी लवकुश से सारिका का संपर्क रहा। जिस प्रेमिका को पाने के लिए आरोपी ने यह खौफनाक साजिश रची, वह खुद भी इस हादसे में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। इस खबर को भी पढ़ें… थार-बलेनो की टक्कर, मां-बेटे की मौत, बेटी समेत 3 घायल:खंडवा में शादी की खरीददारी करने जा रहे थे, 21 अप्रैल शादी
खंडवा जिले के मूंदी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर थार और बलेनो कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है… पूरी खबर पढ़ें
Source link